पामगढ़ पुलिस ने 11 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल

SARJU PRASAD SAHU

August 3, 2026

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना पामगढ़ प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंदीपारा निवासी ईश्वर बेदानी (43 वर्ष) को 11 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, सहायक उपनिरीक्षक सरोज पाटले, प्रधान आरक्षक मंजू सिंह तथा आरक्षक बेदराम पटेल, नवीन रात्रे, जयंती और सविता पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री या परिवहन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment