सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस का विशेष अभियान: बिना लाइसेंस और नाबालिग वाहन चालकों पर कड़ाई, दी गई समझाइश
सारंगढ़-बिलाईगढ़ | जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा जिलेभर में एक विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक (IPS) श्री सुनील शर्मा के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी के साथ यह कार्रवाई की। अभियान के तहत सड़कों पर बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चला रहे चालकों और कम उम्र में तेज रफ्तार दोपहिया व चारपहिया वाहन दौड़ा रहे नाबालिगों को रोककर यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया।
पुलिस टीमों ने शहर व ग्रामीण इलाकों के मुख्य चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट बनाए। इस दौरान नाबालिग चालकों को रोककर उन्हें समझाया गया कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल उनके अपने जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने बच्चों और चालकों को:
- ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने,
- दोपहिया वाहन चलाते समय गुणवत्तापूर्ण हेलमेट लगाने,
- चारपहिया वाहन में अनिवार्य रूप से सीटबेल्ट का उपयोग करने,
- तथा यातायात से जुड़े कानूनी नियमों और दंड प्रावधानों की जानकारी दी।
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।