सोनाखान। कसडोल विकासखंड अंतर्गत सोनाखान तहसील के अंतिम ग्राम बरपानी के खैरा मार्ग पर एक विद्युत पोल खतरनाक स्थिति में झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार हुई बारिश के दौरान एक पेड़ गिरने से यह पोल क्षतिग्रस्त हो गया। यह स्थिति 29 जुलाई 2026 की बताई जा रही है।
बताया गया है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आवागमन रहता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त बिजली पोल किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने CSEB के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित ठेकेदार से अपील करते हुए कहा है कि किसी अप्रिय घटना से पहले तत्काल विद्युत पोल की मरम्मत या प्रतिस्थापन कराया जाए, ताकि जनहानि की आशंका को टाला जा सके।
उन्होंने आम राहगीरों से भी इस मार्ग पर सावधानीपूर्वक आवाजाही करने की अपील की है। नायक ने बताया कि खैरा मार्ग वनांचल क्षेत्र के प्रमुख मार्गों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में विभाग की लापरवाही भविष्य में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।