आंध्रप्रदेश में बंधक बनाए गए बलौदाबाजार के 9 मजदूर सकुशल लौटे, जिला प्रशासन की तत्परता से मिली आज़ादी

SARJU PRASAD SAHU

July 27, 2026

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, पीड़ित मजदूरों ने प्रशासन का जताया आभार

बलौदाबाजार। 27 जुलाई। आंध्रप्रदेश के रेनीगुंटा स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में कथित रूप से बंधक बनाकर रखे गए बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के 9 मजदूरों को जिला प्रशासन की त्वरित एवं संवेदनशील पहल से सकुशल मुक्त कराकर उनके गृह जिले वापस लाया गया। सोमवार को सभी मजदूरों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से मुलाकात कर सुरक्षित वापसी सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रोजगार के नाम पर शोषण, बंधक बनाए जाने या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना करता है, तो वह तत्काल जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें। इसके लिए जिला प्रशासन ने संपर्क केंद्र नंबर 92018-99925 जारी किया है, जहां सूचना देकर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जानकारी के अनुसार, तहसील सोनाखान के ग्राम सोनपुर निवासी संत कुमार रात्रे ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर बताया था कि लगभग दो माह पूर्व उनका परिवार एवं गांव के अन्य लोग रोजगार के लिए आंध्रप्रदेश के रेनीगुंटा स्थित एक ऑयल फैक्ट्री में मजदूरी करने गए थे। वहां मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था तथा उन्हें जबरन रोककर प्रताड़ित किए जाने की शिकायत सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जिला प्रशासन ने आंध्रप्रदेश प्रशासन एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की। इसके परिणामस्वरूप सभी 9 मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराकर बलौदाबाजार-भाटापारा वापस लाया गया।

वापसी के बाद जिला प्रशासन ने मजदूरों से चर्चा कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाने से पहले संबंधित एजेंसी या ठेकेदार की पूरी जानकारी एवं सत्यापन अवश्य करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment