बिलासपुर। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर बिलासपुर जिले के बोदरी में कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मटकी रखकर हिस्सा लिया और राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से मटकी फोड़कर विरोध दर्ज कराया।
चकरभाठा स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई रैली बोदरी के राम मंदिर तक पहुंची। रैली में शामिल महिलाओं की मटकियों पर “पाप का घड़ा भर गया है”, “चौकीदार चोर है” और “मंदिर चंदा चोरी” जैसे नारे लिखे गए थे। ढोल-मांदर की थाप और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों के बीच निकली रैली ने नगरवासियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

राम मंदिर पहुंचने के बाद महिलाओं ने मटकी फोड़कर कथित चढ़ावा चोरी के खिलाफ अपना विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यदि चढ़ावे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

वहीं, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।
बोदरी में हुए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। अब इस मुद्दे पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया और संभावित कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।