नियुक्ति की मांग को लेकर दिल्ली पहुँचा छत्तीसगढ़ के D.Ed अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर मांगा शिक्षा मंत्रियों का इस्तीफा
नई दिल्ली/रायपुर
छत्तीसगढ़ के डी.एड (D.Ed) अभ्यर्थियों का अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर जारी आंदोलन अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक पहुँच गया है। पिछले 210 दिनों से संघर्ष कर रहे अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर धरना दे रहा है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग की है।
डी.एड संघर्ष समिति के अनुसार, हजारों अभ्यर्थी पिछले सात महीनों से भी अधिक समय (210 दिन) से अपनी नियुक्ति की बाट जोह रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद भी शासन और विभाग द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा नहीं किया जा रहा है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है।
- तत्काल नियुक्ति: न्यायालय के आदेशों के अनुरूप अभ्यर्थियों को बिना किसी देरी के नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं।
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पद से इस्तीफा दें।
- राज्य शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विभागीय शिथिलता और प्रक्रिया में देरी के कारण अपने पद से त्यागपत्र दें।
जंतर-मंतर पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य आंदोलनों के प्रति भी अपना समर्थन व्यक्त किया। अभ्यर्थियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल उनकी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के युवाओं के भविष्य और पारदर्शी शिक्षा प्रणाली से जुड़ा बड़ा सवाल है।
अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
संपादकीय टिप्पणी: यह समाचार छत्तीसगढ़ डी.एड संघर्ष समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर तैयार किया गया है। इस संबंध में शासन या संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होते ही अपडेट किया जाएगा।