सिमगा में सक्षम स्थापना दिवस पर दिव्यांग प्रतिभाओं, समाजसेवियों व रक्तदाताओं का सम्मान

SARJU SAHU

July 12, 2026

सिमगा। सक्षम (समदृष्टि क्षमता एवं अनुसंधान मंडल) जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के तत्वावधान में सिमगा ब्लॉक में सक्षम स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बाजपेयी ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत श्री सूरदास, महामुनि अष्टावक्र एवं माता सरस्वती के पूजन-अर्चन और दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य वक्ता प्रांत संगठन मंत्री रामजी रजवाड़े ने सक्षम के सेवा कार्यों एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि विकासखंड समन्वयक (समग्र शिक्षा) किरण कुमार वर्मा ने दिव्यांगजनों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी चतुर सिंह ध्रुव ने समग्र शिक्षा के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत बाजपेयी ने आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. चंदन अग्रवाल ने मोबाइल के दुरुपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में चर्चा-परिचर्चा के साथ सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों ताकेश्वरी साहू, ज्ञानिता कुंजाम, जयश्री घृतलहरे, निकिता छेरकाने, दीप्ति देवांगन एवं प्रेम सागर को मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं रक्तदान एवं गौसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ललित धीवर, योगराज देवांगन, मुकुंद रजक, परमेश्वर देवांगन, विजय देवांगन, कान्हा तम्बोली सहित अन्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव नूतन कुमार सेन ने किया। आयोजन की सफल व्यवस्था के लिए सिमगा ब्लॉक संयोजिका अर्चना यादव एवं उनकी टीम की सराहना की गई। अंत में अतिथियों को स्मृति-चिह्न एवं गमले भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गीतांजलि दीदी, गायत्री यदु, मालती यदु, नवदास दिवाकर सहित 70 से अधिक लोग उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment