बारनवापारा अभयारण्य में तीन चीतलों की मौत, जांच शुरू

TEJASWI NATH SONI

July 10, 2026

दो चीतलों की मौत आपसी संघर्ष की आशंका, तीसरे पर हिंसक वन्यजीव के हमले के मिले निशान

बलौदाबाजार बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में मृत पाए गए तीन चीतलों के मामले में वन विभाग ने वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत जांच शुरू कर दी है। तीनों चीतलों का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक परीक्षण के बाद की जाएगी।

वनमंडलाधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को बारनवापारा वन परिक्षेत्र के पकरीद बीट स्थित रामपुर चारागाह (कक्ष क्रमांक-127) में नियमित गश्त के दौरान दो नर चीतल मृत अवस्था में पाए गए। दोनों का शासकीय पशु चिकित्सालय, कसडोल के चिकित्सकों द्वारा विधिवत पोस्टमार्टम किया गया।

प्रारंभिक जांच में दोनों चीतलों के गले पर आपसी संघर्ष के कारण चोट के निशान मिले हैं। वहीं शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी मांसाहारी वन्यप्राणी के हमले के संकेत नहीं पाए गए। हालांकि गले में रक्त के धब्बे मिले हैं, इसलिए मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग ने प्रथम दृष्टया इसे प्राकृतिक घटना माना है।

इसके बाद 8 जुलाई 2026 को उसी क्षेत्र में एक और चीतल मृत अवस्था में मिला। निरीक्षण के दौरान उसके गले पर किसी हिंसक वन्यजीव के हमले के स्पष्ट निशान पाए गए। हालांकि मृत चीतल के सभी अंग, सींग और खाल सुरक्षित मिले हैं, जिससे शिकार की आशंका से इनकार किया गया है।

घटना की निगरानी और वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने 8 जुलाई की शाम को घटनास्थल के समीप ट्रैप कैमरा भी लगाया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप किए बिना नियमित निगरानी की जा रही है।

वन विभाग के अनुसार बारनवापारा अभयारण्य में अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिदिन नियमित गश्त कर वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित कर रहे हैं। मामले की वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत जांच जारी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही तीनों चीतलों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अभयारण्य क्षेत्र में सतत निगरानी जारी रखने की बात कही।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment