कसडोल। नगर पंचायत कसडोल के अटल परिसर चौक स्थित वर्षों से अधूरा पड़ा सर्व मांगलिक भवन एवं गार्डन अब जल्द ही पूर्ण होने की उम्मीद है। नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू के लगातार प्रयासों और प्रशासनिक पहल के बाद निर्माण कार्य को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने इस जनहित के मुद्दे को नगर पंचायत परिषद की बैठकों, दिशा समिति की बैठक तथा नगरीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के समक्ष लगातार प्रमुखता से उठाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इसके अलावा निर्माण एजेंसी एवं ठेकेदार से भी नियमित चर्चा कर कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग भी की।
इसी क्रम में शासन द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता प्रवीण साहू ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित इंजीनियर को अधूरे कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
नगरवासियों का कहना है कि सर्व मांगलिक भवन एवं गार्डन के पूर्ण होने से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए नगर को आधुनिक एवं सुविधायुक्त परिसर उपलब्ध होगा। लंबे समय से नगरवासी इस निर्माण कार्य के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि नगर के विकास और जनहित से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्षों से लंबित यह महत्वपूर्ण निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर नगरवासियों को समर्पित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सभापति रामा धीवर, अजय साहू, भानु प्रताप साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।