भाटापारा में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस की दबिश: मकान मालिक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹49,530 नगद बरामद

BIRENDRA KUMAR SEN

June 28, 2026

भाटापारा में जुए के बड़े अड्डे पर पुलिस की दबिश: मकान मालिक समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹49,530 नगद बरामद

भाटापारा। जिला पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में जिले में अवैध कारोबारियों, जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत भाटापारा शहर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांधी मंदिर वार्ड स्थित एक रिहायशी मकान में चल रहे जुआ फड़ पर रंगे हाथों रेड कर 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नगद और ताश पत्ती जब्त की गई है।

​जानकारी के अनुसार, दिनांक 27.06.2026 की रात पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि गांधी मंदिर वार्ड निवासी नवीन केशरवानी अपने मकान की दूसरी मंजिल के खुले हॉल में मोटी रकम की हार-जीत का दांव लगवाकर ‘काटपत्ती’ नामक जुआ खिला रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना भाटापारा शहर पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाया और संबंधित ठिकाने की घेराबंदी की।

​पुलिस टीम द्वारा अचानक दी गई दबिश से जुआरियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से मकान मालिक समेत 6 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी व मकान मालिक नवीन केशरवानी ने कबूल किया कि वह जुआरियों को जगह देने के एवज में प्रति हजार ₹100 नाल कमीशन लेकर अपने घर में जुआ खिलवाता था।

​पुलिस ने फड़ और जामा तलाशी से कुल ₹49,530 नगद और 52 परी ताश के पत्ते विधिवत जब्त किए हैं। आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 5 के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्र. 205/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया कर रही है।

    1. नवीन केशरवानी (उम्र 52 वर्ष) – गांधी मंदिर वार्ड, भाटापारा (मकान मालिक)
    2. जितेन्द्र देवांगन (उम्र 51 वर्ष) – नयापारा वार्ड, भाटापारा
    3. सुरेन्द्र कुर्रे (उम्र 42 वर्ष) – ग्राम बोरसी-ब, थाना भाटापारा ग्रामीण
    4. योगेश कोसले (उम्र 35 वर्ष) – ग्राम बोरसी-ब, थाना भाटापारा ग्रामीण
    5. गोपाल मनहरे (उम्र 45 वर्ष) – मेहता नगर, भाटापारा
    6. सुनील पटेल (उम्र 40 वर्ष) – मातादेवालय वार्ड, भाटापारा

पुलिस की अपील: शहर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों (जुआ, सट्टा, अवैध शराब) की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment