भूथिया स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत

SARJU PRASAD SAHU

June 25, 2026

बसना/सरायपाली। सरायपाली विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित उड़ीसा सीमा से लगे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूथिया में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकें वितरित कर मिठाई खिलाकर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष तरुण भाई उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम पंचायत भूथिया के सरपंच गोकुल भोई, विधायक प्रतिनिधि पंचानन भोई, सांसद प्रतिनिधि रविशंकर प्रधान, एसएमडीसी सदस्य निर्मल प्रधान एवं महेश साहू शामिल रहे। कार्यक्रम में प्राचार्य विक्रम कुमार यादव, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं मां भारती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।

अपने संबोधन में सरपंच गोकुल भोई ने विद्यार्थियों को भूथिया गांव की प्रतिभाशाली छात्रा रेणुका प्रधान की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासन और नियमित अध्ययन के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य विक्रम कुमार यादव ने विद्यालय के बेहतर परीक्षा परिणामों के लिए शिक्षकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नियमित उपस्थिति, प्रार्थना सभा में सहभागिता एवं अनुशासित जीवन शैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी स्वाभिमानी, संस्कारवान और देशभक्त नागरिक बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दें।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, लगन और नियमित अध्ययन के जरिए अपने परिवार तथा विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन वरिष्ठ व्याख्याता मधु मंगल प्रधान ने किया, जबकि मंच संचालन व्याख्याता डिग्रीलाल प्रधान द्वारा किया गया। शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यालय परिवार ने नए विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण का संदेश दिया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment