छुरा / गरियाबंद :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पुलिस थाना छुरा परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना स्टाफ, समाजसेवियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में योगाचार्य मिथलेश सिन्हा ने उपस्थित जनों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की प्रेरणा दी।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने कहा कि पुलिस कर्मियों सहित प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ एवं जागरूक रहने के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग से मानसिक एकाग्रता, कार्यक्षमता और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी है।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल, सहायक उपनिरीक्षक टीकाराम ध्रुव, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश मिश्रा सहित थाना स्टाफ के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं समाजसेवी शीतल ध्रुव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
पुलिस थाना छुरा में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रेरणादायी संदेश देने वाला रहा।