किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, खाद संकट समेत 10 सूत्रीय मांगों पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

SARJU PRASAD SAHU

June 4, 2026

महासमुंद/बसना। किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश किसान कांग्रेस के आह्वान पर जिला किसान कांग्रेस के नेतृत्व में बसना में जोरदार प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए तथा एसडीएम कार्यालय पहुंचकर किसानों की दस सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा एवं जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मानिक साहू के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बसना विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने प्रमुख रूप से भाग लिया। इस दौरान किसानों की समस्याओं को उठाते हुए उन्होंने सरकार से तत्काल समाधान की मांग की।जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश का किसान वर्तमान में खाद, बीज, सिंचाई सुविधा और बढ़ती कृषि लागत जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। खरीफ सीजन की शुरुआत होने वाली है और किसान खेती की तैयारियों में जुट गए हैं, लेकिन सहकारी समितियों और बाजारों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से किसानों में भारी चिंता का माहौल है।उन्होंने कहा कि यदि समय पर किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो खेती का कार्य प्रभावित होगा और इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किसानों के हितों की बात करने वाली सरकार अब किसानों की मूलभूत आवश्यकताओं को भी पूरा नहीं कर पा रही है। किसान खाद के लिए घंटों कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन फिर भी उन्हें जरूरत के अनुसार खाद नहीं मिल रही है। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

उन्होंने मांग की कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराया जाए, कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा कृषि से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के अध्यक्ष मधुसूदन साहू, रवि कश्यप, चंपकलाल चौहान, भूषण पटेल, महिपाल सिंह जटाल, मनोज प्रधान, प्रशांत पंडा, राहुल जांगड़े, निर्मल प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

किसानों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा को लेकर आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से किसान कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों की उपेक्षा और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा तथा किसानों की आवाज को हर स्तर पर मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment