
रिपोर्टर टेकराम कोसले
रायपुर, 31 मई 2026।
समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) छत्तीसगढ़ के प्राणदा (रक्तदान) प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश में रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नए रक्तदाताओं का निर्माण करने के उद्देश्य से आयोजित “रक्तदान संकल्प एवं जागरूकता पखवाड़ा” का शुभारंभ 31 मई 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किया गया। गूगल मीट पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सक्षम के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, रक्तदाता एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोरबा जिला कोषाध्यक्ष मेशराम पटेल द्वारा संगठन मंत्र के साथ किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व, जागरूकता अभियान की रूपरेखा तथा आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम : डॉ. राजेश अवस्थी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक सेवा नहीं बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन प्रदान कर सकता है।
रक्तदान से जुड़े भ्रम दूर करने की आवश्यकता : डॉ. सत्यनारायण शर्मा
विशिष्ट अतिथि डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि आज भी अनेक मरीज समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर रक्तदान से जुड़े भ्रमों को दूर किया तथा नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी प्रतिभागियों को दी।
सक्षम समाज के वंचित वर्गों के लिए कर रहा कार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजली चावड़ा ने की। उन्होंने सक्षम संगठन का परिचय देते हुए बताया कि संगठन दिव्यांगजनों एवं समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने रक्तदान को सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
1 जून से 14 जून तक चलेगा रक्तदान संकल्प पखवाड़ा
कार्यक्रम का संचालन एवं पखवाड़े की विस्तृत जानकारी लोकनाथ सेन द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि 1 जून से 14 जून 2026 तक पूरे प्रदेश में “रक्तदान संकल्प पखवाड़ा” मनाया जाएगा। इस दौरान नए एवं नियमित रक्तदाताओं से ऑनलाइन संकल्प पत्र भरवाए जाएंगे तथा नए रक्तदाताओं को आगामी तीन माह के भीतर रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान रक्तदान जागरूकता अभियान, सोशल मीडिया जनसंपर्क, रक्त विकारों से संबंधित ऑनलाइन मार्गदर्शन तथा रक्तदाताओं का नेटवर्क निर्माण जैसे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विश्व रक्तदाता दिवस पर होगी विशेष ऑनलाइन गोष्ठी
14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर विशेष ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में रक्त विकार विशेषज्ञ सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारियों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे।
रक्तदाता सम्मेलन में होगा सम्मान
बैठक में जानकारी दी गई कि संकल्प लेने वाले एवं निर्धारित अवधि में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को 1 अक्टूबर 2026 को कोरबा में आयोजित रक्तदाता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेशभर के उत्कृष्ट रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों एवं रक्तदान के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मान प्रदान किया जाएगा।
प्रतिभागियों ने लिया जन-जागरूकता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने रक्तदान जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। प्रश्नोत्तर सत्र में डॉ. राजेश अवस्थी एवं डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने कार्यकर्ताओं के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में सक्षम के प्रांतीय पदाधिकारी, सभी जिलों के पदाधिकारी तथा रक्तदान के क्षेत्र में कार्यरत अनेक रक्तदाता जुड़े रहे। कार्यक्रम का समापन सारंगढ़ जिला संयोजक सरिता सिदार द्वारा कल्याण मंत्र के पाठ के साथ किया गया।
“खून से खून का रिश्ता जोड़ें, जीवन बचाने का संकल्प ओढ़ें” के प्रेरणादायी संदेश के साथ रक्तदान जागरूकता पखवाड़ा की शुरुआत हुई, जिससे प्रदेश में रक्तदान के प्रति नई चेतना जागृत होने की उम्मीद है।