जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक, जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी

SARJU PRASAD SAHU

May 31, 2026

रायपुर। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी एवं छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना की प्रदेश स्तरीय बैठक रायपुर में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, जनहित से जुड़े मुद्दों और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे सदस्यता अभियान, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही जनता द्वारा दिए गए आवेदनों और उनके निराकरण की समीक्षा करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

संगठन से सहायता की अपेक्षा रखने वाले लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचने के लिए सदस्यता अभियान को और व्यापक बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में कहा गया कि अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़कर जनहित के कार्यों को मजबूत किया जाएगा।

बैठक के दौरान हसदेव अरण्य, तमनार और रायगढ़ क्षेत्र में हो रही जंगल कटाई तथा अवैध लकड़ी तस्करी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने इन मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान और आंदोलन चलाने का निर्णय लिया। नेताओं ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा संगठन की प्राथमिकता है और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

किसानों के हित में संघर्ष करते हुए जेल यात्रा करने वाले बालोद जिले के आठ सेनानियों को बैठक में सम्मानित किया गया। संगठन ने उनके संघर्ष को किसानों की आवाज बताया। वहीं पीपीएचटी परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की सहायता कर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दिलाने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की गई।

रायपुर जिले के प्रतिनिधियों ने मजदूर हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी। बताया गया कि संगठन की पहल से कई मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजा और आर्थिक सहायता दिलाई गई। वहीं बलौदाबाजार जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती और उससे आम जनता को हो रही परेशानियों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में किसानों को खेती-किसानी के लिए खाद उपलब्ध कराने में आ रही कठिनाइयों को गंभीर समस्या बताया गया। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से किसानों, मजदूरों और आम नागरिकों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ पर चिंता जताई गई। इन मुद्दों पर जिला स्तर पर आवेदन, ज्ञापन और आवश्यकतानुसार आंदोलन की रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया।

प्रदेश में नाबालिग बेटियों के लगातार गायब होने के मामलों पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने ऐसे मामलों की गंभीर जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मूलनिवासी युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा बाहरी लोगों को प्राथमिकता दिए जाने के विरोध में आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया।

औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी संगठन ने चिंता जाहिर की। बैठक में तय किया गया कि संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवेदन देकर श्रमिक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

बैठक में प्रदेश के कई जिला चिकित्सालयों की बदहाल स्थिति, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के अभाव और मरीजों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संगठन ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया।

अवैध शराब बिक्री के बढ़ते मामलों पर भी बैठक में चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग को सूचना देने के बावजूद कई स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। नेताओं ने कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली परिस्थितियों के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

प्रदेशभर में चल रहे सदस्यता अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं। संगठन विस्तार के तहत कई नए जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं। बैठक में यह भी बताया गया कि बड़ी संख्या में महिलाएं संगठन से जुड़कर छत्तीसगढ़ के हित, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

बैठक के अंत में संगठन ने संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ के जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलनिवासी अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रखा जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का कार्य गांव-गांव तक पहुंच रहा है और क्षेत्रीय विकल्प के रूप में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment