करोड़ों का धान घोटाला,बम्हनी उपार्जन केंद्र प्रभारी गंगाधर जगत गिरफ्तार, 3742 क्विंटल धान गबन का आरोप

SARJU PRASAD SAHU

May 28, 2026

1.16 करोड़ के धान घोटाले में बम्हनी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में धान उपार्जन केंद्रों में हो रहे आर्थिक अपराधों और सरकारी संपत्ति के गबन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बम्हनी धान उपार्जन केंद्र के तत्कालीन प्रभारी गंगाधर जगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर किसानों के हक का 3,742 क्विंटल धान गबन करने का आरोप है, जिसकी कुल कीमत समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना की राशि मिलाकर करीब 1 करोड़ 16 लाख 200 रुपये बताई गई है।

मामला महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र बम्हनी (प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आरंगी) का है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 मई 2026 को प्रशासनिक जांच दल द्वारा केंद्र का भौतिक सत्यापन किया गया था। जांच के दौरान केंद्र में रिकॉर्ड के मुकाबले 3,742 क्विंटल यानी 9,355 कट्टे मोटा धान कम पाया गया।

इस गंभीर अनियमितता के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित पिरदा के शाखा प्रबंधक उसत कुमार प्रधान ने 27 मई 2026 को थाना बसना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 316(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना बसना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गंगाधर जगत से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगाधर जगत पिता दुर्जन सिंह जगत, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम दलालखार, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आर्थिक गड़बड़ी और धान गबन से जुड़े इस मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आर्थिक अपराध, भ्रष्टाचार और किसानों के हितों से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment