आंगनबाड़ी की शिकायत करने पर घर में घुसकर मारपीट; महिला कार्यकर्ता समेत एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

May 26, 2026

आंगनबाड़ी की शिकायत करने पर घर में घुसकर मारपीट; महिला कार्यकर्ता समेत एक ही परिवार के 4 आरोपी गिरफ्तार

भाटापारा।

थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम कैथी में एक घर के भीतर घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी एक ही परिवार के सदस्य हैं, जिसमें मुख्य आरोपिया (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता), उसका पति और दो बेटे शामिल हैं। आरोपियों ने आंगनबाड़ी कार्य में अनियमितता की शिकायत किए जाने की रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही शुरू कर दी है।

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कैथी निवासी प्रार्थी सुरेश आडिल ने 21 मई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सुरेश ने बताया कि उसी दिन शाम करीब 05:30 बजे गांव में नाली निर्माण के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान, उसने गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ईश्वरी आनंद द्वारा कार्यों में की जा रही अनियमितताओं की शिकायत की थी।

​इसी बात से नाराज होकर और पुरानी रंजिश रखते हुए, उसी रात करीब 07:30 बजे आरोपिया ईश्वरी बाई और उसके परिवार के सदस्यों ने सुरेश के घर में जबरन प्रवेश किया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर के भीतर रखी लकड़ी की बल्ली (बांस) तथा हाथ-मुक्के से सुरेश के साथ जमकर मारपीट की।

​प्रार्थी की शिकायत पर भाटापारा ग्रामीण थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 270/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 333, 331(4), 191(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों का निर्देशन: पुलिस अधीक्षक (SP) श्री ओ.पी. शर्मा के कुशल निर्देशन में ग्रामीण पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के ग्रामीणों से विस्तृत पूछताछ की। साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने शिकायत की रंजिश में घर में घुसकर मारपीट करने का जुर्म कबूल कर लिया।

 

​पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

  1. संतु राम आनंद (50 वर्ष) – निवासी ग्राम कैथी (पति)
  2. ईश्वरी बाई आनंद (48 वर्ष) – निवासी ग्राम कैथी (पत्नी/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता)
  3. कमल आनंद (22 वर्ष) – निवासी ग्राम कैथी (पुत्र)
  4. कल्याण आनंद (18 वर्ष) – निवासी ग्राम कैथी (पुत्र)

​पुलिस द्वारा आज दिनांक 26.05.2026 को सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया !

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment