रायपुर में सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच की द्वितीय वार्षिक बैठक सम्पन्न, समाज विकास हेतु बनी व्यापक कार्ययोजना

SARJU PRASAD SAHU

May 25, 2026

रायपुर। सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच द्वारा आयोजित द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी एवं कार्ययोजना बैठक का सफल आयोजन 23 मई 2026 को मायाराम सुरजन सभा कक्ष, राजबंधा मैदान रायपुर में सम्पन्न हुआ। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी, जिला संयोजक, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाज प्रतिनिधियों सहित कुल 52 सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र 2026-27 के लिए समाज हित में रचनात्मक एवं व्यापक कार्ययोजना तैयार करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के वरिष्ठजनों के स्वागत एवं परिचय सत्र के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों को सात अलग-अलग समूहों में विभाजित कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशामुक्ति, वैवाहिक गतिविधि एवं सम्मान समारोह, रक्तदान तथा विधिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कराई गई।प्रत्येक समूह को समाज की वर्तमान परिस्थितियों, आवश्यकताओं एवं भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जिला एवं राज्य स्तर पर आगामी वर्ष के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। समूहों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों में युवाओं को रोजगार एवं स्व-रोजगार से जोड़ने, विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक मार्गदर्शन कार्यक्रम चलाने, स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, नशामुक्ति अभियान संचालित करने, सामूहिक वैवाहिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, नियमित रक्तदान शिविर लगाने तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल रहे।बैठक में वक्ताओं ने समाज को संगठित, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय केवल नौकरी तलाशने का नहीं बल्कि स्व-रोजगार, सामाजिक सहयोग एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का है।

समापन समारोह में उप संचालक जनसंपर्क विभाग श्री राजेश श्रीवास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में डीएसपी श्री ओम प्रकाश सेन, श्री मुलेश्वर श्रीवास, श्री बसंत श्रीवास एवं श्री विजय सेन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमानंद सेन ने की।मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने मंच द्वारा तैयार आगामी वर्ष की कार्ययोजना को समाज विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया तथा समाज हित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया गया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment