महासमुंद। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन पॉइंट तक जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना खल्लारी पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में अब तक चार अंतरराज्यीय तस्करों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस द्वारा पूर्व में 28 मार्च 2026 को थाना खल्लारी क्षेत्र में बोलेरो एम्बुलेंस वाहन क्रमांक MH 49 C 0133 से 20 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई। इस कार्रवाई में परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।
एम्बुलेंस में हो रही थी गांजे की तस्करी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो एम्बुलेंस के जरिए गांजे की बड़ी खेप महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। घेराबंदी कर वाहन को रोका गया, जहां से आरोपी सलमान खान और शिराज पठान को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर वाहन से 20 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के सप्लायर सुशांता मुखी से खरीदा गया था और इसे नागपुर निवासी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह के लिए ले जाया जा रहा था।
ओडिशा से लेकर नागपुर तक पुलिस की एंड-टू-एंड कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, लगातार मॉनिटरिंग और विशेष टीम की मदद से पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की। जांच के दौरान ओडिशा के संबलपुर जिले में दबिश देकर गांजा सप्लाई करने वाले आरोपी सुशांता मुखी को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर पहुंचकर डेस्टिनेशन पॉइंट आरोपी मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह को 21 मई 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप
महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले में लगातार अभियान चलाकर मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में केवल गांजा पकड़ने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई, बल्कि सोर्स, ट्रांसपोर्टर और खरीदार यानी पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर फोकस किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
डेस्टिनेशन पॉइंट (गांजा मंगाने वाला)
01. मोहम्मद कदिर जुम्मन शाह पिता – मोहम्मद कादर जुम्मन शाह उम्र – 22 वर्ष
निवासी – मोमिनपुरा बोरियापुरा, थाना तहसील जिला नागपुर (महाराष्ट्र) गिरफ्तारी – 21 मई 2026
परिवहनकर्ता
02. सलमान खान उम्र – 26 वर्ष निवासी – मोमिनपुरा, गांधीबाग थाना क्षेत्र, नागपुर (महाराष्ट्र)
03. शिराज पठान उम्र – 39 वर्ष निवासी – अंसार नगर, गांधीबाग थाना क्षेत्र, नागपुर (महाराष्ट्र)
सोर्स प्वाइंट
04. सुशांता मुखी पिता – हड़ी मुखी उम्र – 34 वर्ष निवासी – ग्राम बिचिका, थाना मनामुंडा, जिला बौद्ध (ओडिशा) गिरफ्तारी – 16 मई 2026