उच्चभीठी सुशासन तिहार शिविर में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे

SARJU PRASAD SAHU

May 21, 2026

किसानों की समस्या से लेकर नल-जल योजना तक उठे अहम मुद्दे

सारंगढ़/बिलाईगढ़। बिनोद भारद्वाज ने उच्चभीठी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया। शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कलेक्टर के समक्ष उन्होंने किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

खेती के पहले डीजल, खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग

जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ने कहा कि खेती-किसानी का समय नजदीक है, ऐसे में किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की, ताकि किसानों को खेती कार्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सड़क, पानी, बिजली और सिंचाई समस्याओं का उठाया मुद्दा

उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों की मांगों एवं समस्याओं को लिखित रूप में कलेक्टर को सौंपते हुए सड़क, पेयजल, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नल-जल योजना में अनियमितता का आरोप

बिनोद भारद्वाज ने नल-जल योजना के क्रियान्वयन में भारी अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि योजना का कार्य सही क्रम में नहीं किया गया। उनके अनुसार पहले महानदी से कोसीर फिल्टरिंग प्लांट तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए थी, इसके बाद गांवों में पानी टंकी निर्माण और फिर घर-घर नल कनेक्शन दिया जाना चाहिए था।

उन्होंने कहा कि कार्य उल्टे क्रम में किए जाने के कारण कई घरों तक नल कनेक्शन तो पहुंच गया है, लेकिन पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।

कोसीर को नगर पंचायत और तहसील बनाने की मांग

जिला पंचायत सदस्य ने क्षेत्र के सबसे बड़े गांव कोसीर को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग उठाई। इसके साथ ही उप तहसील को पूर्ण तहसील बनाने तथा क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महाविद्यालय खोलने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी।

महतारी वंदन और पेंशन मामलों की जांच की मांग

बिनोद भारद्वाज ने कहा कि सारंगढ़ क्षेत्र में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 5000 हितग्राहियों को अपात्र घोषित किया गया है। उन्होंने इन मामलों की जांच कर पात्र महिलाओं को पुनः योजना का लाभ देने की मांग की।

इसके अलावा लगभग 15000 पेंशन प्रकरण बंद होने की बात कहते हुए उन्होंने पात्र हितग्राहियों का पेंशन पुनः जोड़ने की मांग की, ताकि जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन

सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं को भी बिनोद भारद्वाज ने प्रशासन के समक्ष रखा और त्वरित समाधान की मांग की। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने सभी मांगों एवं समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment