सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 किलो से ज्यादा गांजा के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

May 18, 2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो 890 ग्राम गांजा के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कार और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 18 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार क्रमांक UP-71 BJ-6017 में दो युवक भारी मात्रा में गांजा लेकर ओडिशा से सरिया-रायगढ़ मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। वहीं उनके आगे-आगे लाल रंग की हुंडई आई-10 कार क्रमांक OR-05 AL-0467 में चार लोग रेकी करते हुए चल रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

आगे चल रही कार में थे चार युवक

सबसे पहले पुलिस ने लाल रंग की आई-10 कार की जांच की। कार में सवार लिपुन साहू (19 वर्ष), पंचानन बेहरा (23 वर्ष), चन्द्रकांत मलिक (19 वर्ष) और लिट्टू बेहरा (19 वर्ष) निवासी ग्राम रबिग्या, थाना बालिगुड़ा, जिला कंधमाल, ओडिशा मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा खरीददारों को सुरक्षित तरीके से छत्तीसगढ़ बॉर्डर पार कराने के लिए आगे-आगे चल रहे थे।

सीट और डिक्की में छिपाकर रखा था गांजा

इसके बाद पुलिस ने हुंडई ऑरा कार की तलाशी ली। कार में मोहम्मद आजम (26 वर्ष) निवासी दुदौली जलालपुर, थाना हथगांव, जिला फतेहपुर उत्तर प्रदेश और रंगनाथ कोरी (28 वर्ष) निवासी चारूहर बीक, थाना गदागंज, जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश सवार थे।

तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट में 4 पैकेट और डिक्की में 21 पैकेट खाकी रंग के टेप से लिपटा गांजा बरामद किया गया।

25 पैकेट में मिला 50 किलो 890 ग्राम गांजा

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में गांजा का वजन कराया, जिसमें कुल 25 पैकेट में 50 किलो 890 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों से गांजा रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने गांजा, दोनों कार और 6 मोबाइल फोन जब्त कर लिए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

सरिया थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक विजय यादव, सुरेन्द्र सिदार, टीकाराम पटेल, आरक्षक दिलीप स्नेही, लक्ष्मी पटेल, श्रवण कुमार टंडन, अमृत निषाद और लकेश्वर पुरसेट सहित थाना सरिया स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment