बलौदाबाजार में सुशासन तिहार के समाधान शिविरों में 4 हजार से अधिक हितग्राहियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बीपी, शुगर, नेत्र जांच, एक्सरे और आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी जा रही है।
बलौदाबाजार। 16 मई 2026 सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविरों में डॉक्टर, नर्स और आवश्यक चिकित्सा स्टाफ की तैनाती की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि अब तक 4 हजार से अधिक हितग्राहियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। शिविर में 2493 लोगों की बीपी जांच, 2404 लोगों की शुगर जांच, 954 लोगों की नेत्र जांच तथा 1135 लोगों की सिकल सेल जांच की गई।
जांच के दौरान 37 बीपी और 47 शुगर के मरीज चिन्हित किए गए, जिन्हें मौके पर ही निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया। वहीं 171 लोगों को चश्मा भी वितरित किया गया। शिविर में 1378 लोगों का एक्सरे किया गया तथा 288 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में मरीजों को आवश्यकतानुसार तत्काल उपचार दिया जा रहा है। गंभीर स्थिति होने पर उन्हें उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर भी किया जा रहा है।