महासमुंद पुलिस और ANTF ने 20 किलो गांजा तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया। मामले में पहले दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
महासमुंद | खल्लारी थाना/ANTF कार्रवाई महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। थाना खल्लारी पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार जांच के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि थाना खल्लारी के अपराध क्रमांक 36/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में मुख्य आरोपी एवं गांजा सप्लायर सुशांता मुखी (34 वर्ष) को ग्राम धामा, जिला संबलपुर (उड़ीसा) से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मूल रूप से ग्राम बिचिका, थाना मनामुंडा, जिला बौद्ध उड़ीसा का निवासी है।
20 किलो गांजा और एम्बुलेंस वाहन हुआ था जब्त
दरअसल, 28 मार्च 2026 को खल्लारी थाना पुलिस ने चरौदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक MH 49 C 0133 को रोका था। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 20 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई।
पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो एम्बुलेंस समेत कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो तस्कर
मामले में पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी पहचान इस प्रकार है—
सलमान खान (26 वर्ष) निवासी मोमिनपुरा, गांधीबाग, नागपुर महाराष्ट्र
शिराज पठान (39 वर्ष) निवासी अंसार नगर, गांधीबाग, नागपुर महाराष्ट्र
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गांजा उड़ीसा से खरीदना स्वीकार किया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और नेटवर्क विश्लेषण के आधार पर मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई।
इंड-टू-इंड और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन से मिली सफलता
महासमुंद पुलिस ने बताया कि मामले में इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान गांजा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सोर्स पॉइंट की जानकारी मिली, जिसके बाद उड़ीसा में दबिश देकर आरोपी सुशांता मुखी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।