कोरबा में नमः समिति द्वारा आयोजित 108 सामूहिक विवाह के जोड़ों ने विवाह प्रमाण पत्र और उपहार नहीं मिलने पर कलेक्टर से शिकायत की है। जोड़ों ने समिति पर बार-बार बुलाकर गुमराह करने काआरोप
कोरबा में आयोजित 108 सामूहिक विवाह कार्यक्रम अब विवादों में घिरता नजर आ रहा है। सर्वमंगला मंदिर से संचालित नमः समिति द्वारा अप्रैल 2026 में ग्राम बांकीमोगरा (ढपढप) में 108 दिव्यांग एवं निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया गया था। अब विवाह में शामिल जोड़ों ने विवाह प्रमाण पत्र, उपहार और नगद राशि नहीं मिलने की शिकायत प्रशासन से की है।
जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह के दौरान प्रत्येक जोड़े को विवाह सर्टिफिकेट, उपहार सामग्री और ₹5000 नगद राशि देने की घोषणा की गई थी। आरोप है कि कार्यक्रम के बाद समिति द्वारा कई बार सर्वमंगला मंदिर परिसर बुलाया गया, लेकिन आज तक न तो विवाह प्रमाण पत्र दिया गया और न ही अन्य वादित सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कलेक्टर से की शिकायत
विवाह में शामिल 108 जोड़ों ने इस मामले की शिकायत कोरबा कलेक्टर से की है। शिकायत में कहा गया है कि समिति के सदस्य बार-बार तारीख देकर मंदिर परिसर बुलाते हैं और वहां केवल नारियल-प्रसाद देकर वापस भेज दिया जाता है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कार्यक्रम में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई दिव्यांग एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार शामिल हुए थे, जिन्हें अब लगातार आश्वासन दिया जा रहा है।
ग्राउंड रिपोर्ट में क्या मिला?
ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान पाया गया कि अब तक किसी भी वैवाहिक जोड़े को विवाह प्रमाण पत्र वितरित नहीं किया गया है। मंदिर परिसर में कुछ अलमारियां और लोहे के रॉड से बने अधूरे बेड रखे मिले। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने मौखिक रूप से स्वीकार किया कि जोड़ों को सर्टिफिकेट और उपहार देने की बात कही गई थी, लेकिन वितरण में देरी के सवाल पर स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।