मानस यज्ञ समिति के अमृत महोत्सव पर बनेगा 40 लाख की लागत का भव्य श्रीराम मंदिर,

BHUPENDRA SINHA

May 16, 2026

छुरा/ गरियाबंद :- नगर की प्राचीन एवं धार्मिक संस्था मानस यज्ञ समिति अपने स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव मना रही है। इस विशेष अवसर पर नगर के प्रसिद्ध भगवान श्री राम-जानकी मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए लगभग 40 लाख रुपये की लागत से नए मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जा रहा है। इस खबर से नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार वर्तमान में स्थापित भगवान श्रीराम, जानकी एवं लक्ष्मण जी के विग्रह को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अस्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थापित किया जाएगा, जिसके पश्चात उसी स्थल पर नए भव्य मंदिर का निर्माण प्रारंभ होगा। मंदिर निर्माण में सफेद मार्बल का उपयोग किया जाएगा तथा राजस्थान से आए अनुभवी कारीगरों द्वारा मंदिर को आकर्षक एवं पारंपरिक शैली में तैयार किया जाएगा। मंदिर के कुछ पत्थरों एवं नक्काशी का कार्य राजस्थान में किया जाएगा, वहीं कई कलात्मक कार्य स्थानीय मानस मंदिर परिसर में ही कारीगरों द्वारा संपन्न किए जाएंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण का उद्देश्य केवल एक धार्मिक भवन बनाना नहीं, बल्कि इसे क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का केंद्र बनाना है। वर्षों से मानस यज्ञ समिति द्वारा प्रति वर्ष विशाल मानस यज्ञ एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें क्षेत्र के लगभग 60 से 70 गांवों के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। लंबे समय से श्रद्धालुओं की इच्छा थी कि यहां भगवान श्रीराम का एक भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्मित हो। अब समिति द्वारा इस संकल्प को साकार किया जा रहा है।

मानस यज्ञ समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ओंकार शाह ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में रामभक्ति का वातावरण बना हुआ है। ऐसे समय में मानस मंदिर के 75 वर्ष पूर्ण होने पर नगर में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण प्रारंभ होना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने का कार्य करेगा।

समिति द्वारा बताया गया कि 16 मई शनिवार को विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर में स्थापित विग्रह को स्थानांतरित किया जाएगा तथा उसी दिन से निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। मंदिर निर्माण में क्षेत्र के दानदाताओं, श्रद्धालुओं एवं समिति सदस्यों का विशेष सहयोग रहेगा।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ओंकार शाह, बजरंग पांडेय, सचिव शीतल ध्रुव, उपाध्यक्ष नथमल शर्मा, मंत्री लखन तिवारी, कोषाध्यक्ष टंकेश्वर देवांगन, बिसेसर दीवान सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य गोपाल सोनी, विनोद देवांगन, मिथिलेश सिंहा, मनहरण पटेल, पुखराज ठाकुर, विमल पुरोहित, कमलेश साहू, ओम प्रकाश यादव, हिरालाल साहू, अर्जुन धनंजय, धनंजय शुक्ला, ओमप्रकाश द्विवेदी, शिव निर्मलकर, यश सिंहा, निखिल साहू, डिगेश्वरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

नगरवासियों ने मंदिर निर्माण को ऐतिहासिक पहल बताते हुए खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि यह मंदिर न केवल धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा बल्कि छुरा नगर की पहचान और गौरव को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment