बलौदाबाजार, 9 मई 2026। भीषण गर्मी के चलते जिले के अधिकांश तालाब सूखने लगे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में निस्तारी एवं पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में नहर सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बंद पड़ी खदानों से पानी लिफ्ट कर तालाबों में भरा जा रहा है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर विकासखंड सिमगा क्षेत्र में यह विशेष पहल शुरू की गई है।
🚰 बंद खदान से डेढ़ किलोमीटर दूर तालाब तक पहुंचाया पानी
एसडीएम अतुल शेट्टे ने बताया कि ग्राम रानीजरौद स्थित बंद खदान में पंप लगाकर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से पानी लिफ्ट कर ग्राम खपरी के तालाब को भरा गया है।
अब खपरी में भी पंप स्थापित कर आसपास के गांवों के तालाबों को भरने की तैयारी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों को निस्तारी एवं पेयजल संकट से राहत मिल सकेगी।
💧 पेयजल के लिए टैंकर व्यवस्था
प्रशासन द्वारा पेयजल आपूर्ति बनाए रखने हेतु टैंकरों की भी व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।