बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के अंतर्गत खुशियों और सामाजिक समरसता का अनूठा दृश्य देखने को मिला। क्षेत्र के सांकरा एवं गढ़फुलझर में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में कुल 57 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
सांकरा में 37 जोड़ों का सामूहिक विवाह
सांकरा स्थित समरसता भवन में आयोजित कार्यक्रम में 37 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने समारोह में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं और स्वयं प्रत्येक जोड़े के पास जाकर शासन की ओर से निर्धारित उपहार भेंट किए। उन्होंने एक अभिभावक की तरह वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं होता और क्षेत्र का हर परिवार उनका अपना परिवार है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के चेहरे पर मुस्कान लाना है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रही है और इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
गढ़फुलझर में मां रामचंडी मंदिर परिसर में गूंजी शहनाइयां
इसी क्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल गढ़फुलझर स्थित मां रामचंडी मंदिर परिसर में भी सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया, जहां 20 जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में नवदंपत्तियों ने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा नेता रमेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा है। सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और समाज में समरसता का संदेश जाता है।
परिजनों ने जताया आभार
कार्यक्रम में उपस्थित वधु पक्ष के परिजनों ने विधायक एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से आर्थिक बोझ कम हुआ है और उनकी बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष ऊषा धृतलहरे, विधायक प्रतिनिधि कैलाश अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, सभापति कंवलजीत सिंह छाबड़ा, प्रकाश सिन्हा, पुरुषोत्तम धृतलहरे, सोनू छाबड़ा, तहसीलदार प्रकृति सिंह, डीपीओ टिक्वेन्द्र जाटवार, परियोजना अधिकारी रतन टांवर, अपर्णा श्रीवास्तव, प्राचार्य दीपक कुमार देवांगन, पत्रकार गौरव चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।