बलौदाबाजार, 9 मई 2026। भारत सरकार जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2026 के प्रथम चरण अंतर्गत 1 मई से मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे डिजिटल जनगणना कार्य का निरीक्षण किया।
📱 स्वयं प्रगणक बनकर की डिजिटल गणना
कलेक्टर ने ग्राम मुण्डा पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणक से मोबाइल लेकर स्वयं मकान मालिक कार्तिक राम साहू के घर पहुंचे और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर डिजिटल गणना प्रक्रिया पूरी की।
उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि जनगणना कार्य भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में संचालित हो रहा है और प्रथम चरण में मकानों की गणना की जा रही है। कलेक्टर ने लोगों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही जानकारी दें और किसी प्रकार की शंका न रखें, क्योंकि दी जाने वाली समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी।
🔒 आधार, पैन या ओटीपी की आवश्यकता नहीं
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड अथवा किसी प्रकार के ओटीपी की आवश्यकता नहीं है। केवल मकान एवं परिवार से संबंधित सामान्य जानकारी ली जा रही है।
🏘️ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का किया निरीक्षण
प्रगणकों ने बताया कि उनके एचएलबी क्षेत्र में अब तक 348 मकानों की गणना पूरी हो चुकी है। इसके पश्चात कलेक्टर ने बलौदाबाजार शहर के वार्ड क्रमांक 19 स्थित कान्हा विहार में भी जनगणना कार्य का जायजा लिया। यहां प्रगणकों द्वारा मकान मालिक चंद्रशेखर वर्मा एवं बिजय सराफ के मकानों की डिजिटल गणना का अवलोकन किया गया। प्रगणकों ने बताया कि अब तक 148 मकानों की गणना पूर्ण हो चुकी है।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, एसडीएम प्रकाश कोरी, डीपीएसओ पायल पाण्डेय, तहसीलदार निवेश कोरेटी, पेखन टोंड्रे सहित प्रगणक उपस्थित रहे।