94.33% अंक के साथ प्रदेश में बनाई खास पहचान, मेहनत और अनुशासन का शानदार परिणाम
कोरबा। कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कु. वंशिका यादव ने 94.33% अंक प्राप्त कर छत्तीसगढ़ के टॉप 10 विद्यार्थियों में स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हुआ है।
वंशिका यादव एच.टी.पी.एस कॉलोनी, कैलाश बिहार दर्री (कोरबा) निवासी श्री योगेश यादव की सुपुत्री हैं। वे वर्तमान में स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपाली में अध्ययनरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह सफलता हासिल की।
परिजनों के अनुसार वंशिका शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। वहीं, शिक्षकों ने उनकी लगन, जिज्ञासा और निरंतर अभ्यास की सराहना की है। हर विषय में संतुलित प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।
इस उपलब्धि पर सर्व यादव समाज जिला कोरबा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए वंशिका को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वंशिका की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है।