कोरिया/सोनहत। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व पखवाड़े के तहत जनपद पंचायतों में क्लस्टरवार जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। पिछले एक माह से चल रहे इन शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व से जुड़े प्रकरणों का खंड स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में विकासखंड सोनहत के चौथे चरण के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोडार में शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंशुल वर्मा ने की। उन्होंने तहसीलदार के साथ मिलकर शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का मौके पर त्वरित निराकरण किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोनहत को भी शिविरों में विशेष रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पंचायत स्तरीय योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुँच सके।
शिविर के दौरान ‘5% मॉडल’ की विस्तृत जानकारी दी गई, जो राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसकी सराहना की जा चुकी है। इसके अलावा, ग्राम पंचायत बोडार को जल संरक्षण के क्षेत्र में आदर्श ग्राम बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा संयुक्त प्रयास किए जा रहे हैं।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अंशुल वर्मा, तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज सिंह जगत, जनपद सदस्य, सरपंच, उपसरपंच, सचिव प्रवीण कुमार पाण्डेय, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण तथा बिहान समूह की दीदियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।