रिपोर्टर: विष्णु कुमार यादव
कोरबा
चैत नवरात्रि के पावन अवसर पर पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा में स्थापित ज्योत-जवारा का विसर्जन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे पंचायत क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अनोखा माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों के साथ विसर्जन यात्रा में शामिल हुए।
विसर्जन यात्रा के दौरान महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं बुजुर्गों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर माता रानी को नम आंखों से विदाई दी। भक्ति गीतों, पारंपरिक नृत्य और धार्मिक उल्लास से सराबोर यह शोभायात्रा पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मीन सुंदर सिंह मरावी, युवा नेता मनमोहन सिंह राठौर (जिला अध्यक्ष, NSUI ग्रामीण), युवा पत्रकार विष्णु कुमार यादव सहित पंचायत के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया और सामाजिक एकता एवं सद्भाव का संदेश दिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि गांव में भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त करने वाला भी सिद्ध हुआ।