रैंप योजना के तहत होमस्टे, टूर गाइडिंग और पर्यटन आधारित आजीविका पर दिया गया प्रशिक्षण
बलौदाबाजार, 25 मार्च 2026। भारत सरकार की रैंप योजना के अंतर्गत बारनवापारा में तीन दिवसीय इको-टूरिज्म प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सीएसआईडीसी के बैनर तले एनआईएमएसएमई द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 44 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
23 से 25 मार्च तक वन विभाग कार्यालय बारनवापारा में आयोजित इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को इको-टूरिज्म से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसमें होमस्टे, फार्म स्टे, अनुभवात्मक पर्यटन और टूर गाइडिंग जैसे विषय शामिल रहे।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ शासन की उद्योग नीति 2024-30 के अंतर्गत उपलब्ध योजनाओं और लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी गई, जिससे वे पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर तलाश सकें।
समापन अवसर पर एसडीओ फॉरेस्ट बारनवापारा कृषाणु चंद्राकर ने इको-टूरिज्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को होमस्टे संचालन, गाइडिंग और स्थानीय उत्पादों के विपणन जैसे आजीविका के विकल्पों के बारे में प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।