रायपुर। सामाजिक सरोकारों और जनहित के कार्यों में सक्रिय संगठन ESO India के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष आशीष पटेल ने रमन डेका, राज्यपाल छत्तीसगढ़ से राजभवन में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान संगठन के सामाजिक कार्यों, जनहित से जुड़े मुद्दों और युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान आशीष पटेल ने राज्यपाल को अवगत कराया कि ESO India द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर बलौदाबाजार क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, दिव्यांगजनों की सहायता, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग, युवाओं को मार्गदर्शन तथा जनसमस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़ना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन द्वारा हाल ही में किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की, जिनमें दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की पहल, गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता, विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण तथा ग्रामीण समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में संगठन बड़े स्तर पर कार्य करने की योजना बना रहा है।
इस अवसर पर राज्यपाल रमन डेका ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवा सबसे बड़ा कार्य है और जब युवा इसमें आगे आते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव निश्चित होता है। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता और उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने को एक सराहनीय पहल बताया।
राज्यपाल ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि ऐसे सामाजिक कार्यों में प्रशासन का सहयोग मिलता रहेगा। अंत में आशीष पटेल ने राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और भविष्य में समाजहित में मिलकर कार्य करने पर सहमति बनी।