
बलौदाबाजार-भाटापारा।
समाजसेवा और जनहित के कार्यों में सक्रिय अखिल भारतीय इंजीनियरिंग छात्र संगठन (ईएसओ इंडिया) ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। संगठन ने ग्राम कुम्हारी के एक दिव्यांग युवक की मदद के लिए प्रशासन के समक्ष पहल करते हुए संवेदनशीलता दिखाई है।
ईएसओ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष आशीष पटेल के नेतृत्व में पदाधिकारियों की टीम ने जिला कलेक्टर, बलौदाबाजार-भाटापारा को आवेदन सौंपकर तरुण कुमार पटेल (पिता – रामनारायण पटेल) को शासन की योजना के अंतर्गत ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तरुण कुमार पटेल शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं, जिसके कारण उन्हें रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल आवाज उठाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों तक वास्तविक सहायता पहुँचाना है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में समानता और अधिकार दिलाने के लिए इस तरह की पहल लगातार जारी रहेगी।
इस जनहितकारी प्रयास में ग्राम पंचायत कुम्हारी के सरपंच एवं अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी समर्थन मिला, जिससे यह अभियान और मजबूत हुआ है।
ईएसओ इंडिया ने प्रशासन से जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि दिव्यांग युवक को राहत मिल सके और उसका जीवन सुगम बन सके।