चुनचुनी में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश, भव्य रैली और भजन संध्या ने जगाई चेतना सत्य निज नाम परिवार की पहल—रैली, संकल्प और भक्ति संगीत के माध्यम से समाज को दिया जागरूकता का संदेश

TEKRAM KOSLE

March 23, 2026

रिपोर्टर टेकराम कोसले

जांजगीर-चांपा 19 मार्च 2026।
चुनचुनी में सत्य निज नाम परिवार द्वारा नशा मुक्ति के उद्देश्य से एक भव्य रैली एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र में जागरूकता की नई लहर पैदा कर दी।
रैली की शुरुआत सत्य भूषण कंवर के निवास से होकर कबीर वाचनालय तक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा अहिंसा, सदाचार और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना रहा।
रैली में शामिल लोगों ने नशा त्यागने का सामूहिक संकल्प लिया और पूरे मार्ग में प्रेरणादायक नारों के माध्यम से जन-जन तक संदेश पहुंचाया। वातावरण “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भजन संध्या रही, जिसमें अंकिता महंत ने अपने प्रभावशाली भजनों के माध्यम से विशेषकर शराब जैसे नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उनके भजनों ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया और आत्मचिंतन के लिए प्रेरित किया।
बताया गया कि अंकिता महंत, सत्य निज नाम संस्था के संस्थापक गुरुदेव सत्य कबड्डी दास जी की पोती हैं और भक्ति संगीत के माध्यम से समाज सुधार में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर महापौर सोनी विकास झा, पार्षदगण एवं पनिका समाज के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और इस सामाजिक अभियान को अपना समर्थन दिया।
यह आयोजन न केवल नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे गया।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment