महासमुंद, 22 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रविवार सुबह रोप-वे की केबल अचानक टूटने से ट्रॉली 200 से 300 फीट नीचे गिर गई और चट्टान से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में रायपुर निवासी 28 वर्षीय आयुषी सातकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 श्रद्धालु घायल हो गए हैं।
घटना के समय एक ट्रॉली में 7 श्रद्धालु नीचे लौट रहे थे, जबकि दूसरी ट्रॉली में 10 लोग ऊपर की ओर जा रहे थे। अचानक केबल टूटने से नीचे आ रही ट्रॉली अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोप-वे लगभग 200-300 फीट की ऊंचाई पर था, तभी जोरदार झटका लगा और ट्रॉली सीधे नीचे आ गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।
वहीं, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि घायलों का बेहतर इलाज प्राथमिकता है और मेंटेनेंस में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रोप-वे का संचालन एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। इस हादसे के बाद रोप-वे की सुरक्षा, रखरखाव और नियमित जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने रोप-वे संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद कर जांच शुरू कर दी है।