बेमेतरा। छत्तीसगढ़ 16 मार्च 2026 जिले सहित पूरे प्रदेश के पत्रकारों की सुरक्षा, संगठन की मजबूती और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक सोमवार को स्थानीय विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में पत्रकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।

महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों का तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास बिलासपुर, मुंगेली और बेमेतरा जिलों में रहा। इस दौरान जिला स्तरीय कार्यकारिणी के गठन और संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
प्रमुख पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें प्रदेश संरक्षक श्री भागवत पात्रे, प्रदेशाध्यक्ष श्री प्रमोद बंजारे, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री केदारनाथ बैरठ, प्रदेश संयुक्त सचिव श्री शत्रुघ्न बंजारे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
स्थानीय स्तर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक श्री विजय देशलहरे, कोषाध्यक्ष श्री जगदीश घृतलहरे, नंदकुमार राजपूत, तरुण शर्मा, मनोज बांधे सहित बड़ी संख्या में जिले के पत्रकार मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर हुई अहम चर्चा
बैठक में पत्रकारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन किया गया, जिनमें प्रमुख रूप से—
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग
➡️ पत्रकारों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए कड़े प्रावधान
➡️ फर्जी एफआईआर पर रोक लगाने के लिए सामूहिक पहल
➡️ लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता की रक्षा
➡️ पत्रकारों को शासन-प्रशासन से मिलने वाली सुविधाओं का विस्तार
➡️ संगठन को गांव से शहर तक मजबूत बनाने की रणनीति
संगठन के कार्यों को सराहा गया
महासंघ द्वारा किए जा रहे कार्यों की बैठक में सराहना की गई। संगठन लगातार पीड़ित पत्रकारों को विधिक सहायता प्रदान कर रहा है तथा पत्रकारों को एक मंच पर लाकर एकता का संदेश दे रहा है। साथ ही पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने, स्वास्थ्य, बीमा और पारिवारिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
पत्रकारों के उत्पीड़न पर सख्त रुख
प्रदेशाध्यक्ष श्री प्रमोद बंजारे ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों के उत्पीड़न को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही नई जिला कार्यकारिणी का गठन कर संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।
बैठक ने यह संदेश दिया कि सर्व पत्रकार एकता महासंघ छत्तीसगढ़ अब प्रदेश के हर जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए मजबूत ढाल बनकर खड़ा है।