बच्चों की शतप्रतिशत उपस्थिति और गर्भवती महिलाओं को समय पर पोषण आहार देने के निर्देश
बलौदाबाजार, 13 मार्च 2026। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को तहसील भाटापारा अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र खपराडीह का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या के अनुसार शतप्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं को हर माह समय पर पूरक पोषण आहार वितरण करने के निर्देश कार्यकर्ता को दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से उनके नाम पूछे और उन्हें एबीसीडी तथा गिनती सुनाने के लिए कहा। कुछ बच्चों ने उत्साहपूर्वक एबीसीडी और गिनती सुनाई। कलेक्टर ने बच्चों को प्लास्टिक के बने फलों के माध्यम से रंग और आकृति की पहचान भी कराई तथा उन्हें चॉकलेट वितरित की। चॉकलेट पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।
कलेक्टर ने केंद्र में तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भोजन में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजी सब्जियों का उपयोग किया जाए, ताकि बच्चों को पौष्टिक आहार मिल सके।
इस दौरान उन्होंने कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली और अभिभावकों को भी बच्चों की देखभाल के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों का वजन और ऊंचाई का नियमित मापन समय पर करने के निर्देश भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।