प्रभारी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का किया निरीक्षण

TEJASWI NATH SONI

March 12, 2026

बलौदाबाजार, 12 मार्च 2026। जिले के प्रभारी एवं स्कूल शिक्षा सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने गुरुवार को भाटापारा स्थित पीएमश्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में 4 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की संख्या, उपस्थिति तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक कक्षाओं में ड्रॉपआउट की संख्या अधिक होने पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे कम करने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण करने, मुख्य प्रवेश द्वार पर स्कूल के नाम का बोर्ड लगाने, एसी के आउटडोर यूनिट को खिड़की से बाहर लगाने तथा शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्रयोगशाला कक्ष, कंप्यूटर लैब और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया।

प्रभारी सचिव ने कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पढ़ाई, खेलकूद और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अगले वर्ष उनकी बोर्ड परीक्षा होगी, इसलिए गर्मी की छुट्टियों में अगली कक्षा की तैयारी शुरू कर दें और अपने भविष्य के करियर के बारे में भी योजना बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है, क्योंकि खेलकूद मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखता है।

इस दौरान जिला पंचायत की सीईओ सुश्री दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment