सोनसरी-मुकुंदपुर सड़क स्वीकृति पर जताया आभार, भूमिपूजन हेतु आमंत्रण
बिलासपुर। 22 फरवरी 2026 अरुण साव से बिलासपुर के नेहरू चौक स्थित कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मस्तूरी विकासखंड के सोन ग्राम पंचायत के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्राम में पूर्ण हुए एवं स्वीकृत विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु उन्हें औपचारिक आमंत्रण सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी कि लगभग 19 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित ग्राम पंचायत भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिसका शीघ्र ही लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके साथ ही सोनसरी से मुकुंदपुर तक साढ़े 8 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी की गई है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि कार्यक्रम की तिथि शीघ्र निर्धारित की जाएगी और वे स्वयं उपस्थित होकर विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य राधा खिलावन पटेल, सोन सरपंच मोतीराम साहू, बजरंग पटेल, खिलावन श्रीवास, मनोज केवट, सीमा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।