मुंगेली। मुंगेली जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने शहीद आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह सहायता राशि भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से शहीद की पत्नी नागेश्वरी डहरिया को चेक के रूप में सौंपी गई।
पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। कर्तव्य पालन के दौरान हुए इस हादसे के बाद पुलिस विभाग द्वारा उनके परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने शहीद की पत्नी को सांत्वना देते हुए कहा कि आरक्षक राकेश डहरिया का बलिदान अविस्मरणीय है। वे न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा रहना विभाग की जिम्मेदारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मयंक तिवारी ने कहा कि पुलिस जवान कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं। उनका त्याग और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा ने भी शहीद परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग अपने शहीदों को कभी नहीं भूलता और हरसंभव सहयोग प्रदान करता है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक राहुल रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत शहीद जवान के आश्रितों को निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें भविष्य की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता मिल सके।
शहीद की पत्नी नागेश्वरी डहरिया भावुक नजर आईं। उन्होंने शासन, पुलिस प्रशासन एवं बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पति ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, जिस पर उन्हें गर्व है।
पुलिस सैलरी पैकेज एवं शासकीय प्रावधानों के अंतर्गत ₹1 करोड़ की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य देय लाभ जैसे अनुग्रह राशि, जीपीएफ/ग्रेच्युटी तथा अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है।
इस प्रक्रिया को पूर्ण कराने में निरीक्षक (एम) मदनलाल शुक्ला, उप निरीक्षक अमन कश्यप, प्रधान आरक्षक वेदसिंह सोन्ड्रे एवं बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस विभाग की यह पहल शहीद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो यह संदेश देती है कि देश अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के साथ सदैव खड़ा है।