लोकनाथ खुंटे, रायपुर संभाग ब्यूरो
बसना। एकीकृत बाल विकास परियोजना बसना अंतर्गत आयोजित दिशा-दर्शन भ्रमण कार्यक्रम के तहत बसना ब्लॉक के 12 स्व सहायता समूहों के 40 सदस्यों को जनपद पंचायत बसना के सभापति प्रकाश सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह भ्रमण कार्यक्रम महिला स्व सहायता समूहों के सशक्तिकरण एवं आयवर्धन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इस यात्रा के माध्यम से समूह की माताएँ-बहनें विभिन्न सफल मॉडलों का अध्ययन कर आत्मनिर्भरता, प्रबंधन कौशल तथा आजीविका संवर्धन के नए आयाम सीखेंगी।
रवाना होने से पूर्व आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में सभापति प्रकाश सिन्हा ने महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और उनके सशक्तिकरण से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेंगे।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी रामसिंह मिरी, पर्यवेक्षक श्रीमती उमादेवी पटेल, श्रीमती चंद्रिका कुमार सहित विभागीय अधिकारी एवं स्व सहायता समूह की महिलाएँ उपस्थित रहीं।