सामुदायिक सहभागिता से शासकीय स्कूल का कायाकल्प करने वाले शिक्षक जिला स्तरीय कार्यशाला में सम्मानित

TEJASWI NATH SONI

February 18, 2026

कुंजराम यादव – बसना रिपोर्टर

बसना। जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला परियोजना अधिकारी महासमुंद नंदकिशोर सिन्हा, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा महासमुंद रेखराज शर्मा, डाइट प्राचार्य महासमुंद अरुण प्रधान, एपीसी संप्ता बोस एवं एपीसी विद्या साहू की गरिमामयी उपस्थिति में जिला परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा महासमुंद में जिला स्तरीय कम्युनिटी मोबिलाइजेशन कार्यशाला 2026 का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से शासकीय प्राथमिक शाला पोड़ापाली का कायाकल्प करने वाले शिक्षक प्रताप नारायण दास का चयन उत्कृष्ट शिक्षक के रूप में किया गया। कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसहयोग से विद्यालय की दशा एवं दिशा में उल्लेखनीय परिवर्तन लाने के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत श्री दास ने इस उपलब्धि का श्रेय विकासखंड शिक्षा अधिकारी सरायपाली टी.सी. पटेल के कुशल मार्गदर्शन, विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक सरायपाली देवानंद नायक के निरंतर प्रोत्साहन तथा संकुल समन्वयक नवागढ़ खिरोद्र सोनी के सहयोग को दिया। उन्होंने समस्त उच्च अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला स्तरीय कार्यशाला में सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से शिक्षा गुणवत्ता में सुधार, विद्यालय विकास एवं नवाचारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम को शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक पहल और प्रेरणादायी प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment