कुंजराम यादव, बसना रिपोर्टर
बसना। मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बसना में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं शैक्षणिक सहभागिता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंगों, प्रेरणादायी नारों एवं आकर्षक सांस्कृतिक सज्जा से सुसज्जित रहा। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:30 बजे विशेष प्रार्थना सभा “एक सुबह शहीदों के नाम” से हुई, जो 14 फरवरी 2019 के पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को समर्पित रही। दीप प्रज्वलन एवं शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कविता “शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर बरस मेले…”, समूह गीत “कर चले हम फ़िदा” तथा सैनिक और उसकी माँ पर आधारित लघु नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया।
राष्ट्रीय समाचार वाचन के पश्चात सादिया मैम ने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुमंत कुमार आचार्य ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की नींव विद्यालयों में ही रखी जाती है और विद्यार्थियों का श्रेष्ठ चरित्र ही देश का भविष्य निर्धारित करता है। राष्ट्र प्रतिज्ञा, देशभक्ति नारों एवं राष्ट्रगान के साथ प्रार्थना सभा का समापन हुआ।
इसके बाद नर्सरी से यूकेजी तक के विद्यार्थियों के लिए ‘मातृ-पितृ पूजन दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया तथा गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कारों एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा।
अभिभावकों ने विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। विद्यालय परिवार ने एक बार पुनः सिद्ध किया कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, नैतिकता और पारिवारिक मूल्यों से परिपूर्ण होना ही उसकी वास्तविक पूर्णता है।