लेप्रोस्कॉपिक सर्जन की पदस्थापना से जिला अस्पताल की बढ़ी क्षमता गंभीर बीमारियों के ऑपरेशन में आई तेजी, अब तक 16 सफल सर्जरी

TEJASWI NATH SONI

February 17, 2026

बलौदाबाजार, 17 फरवरी 2026। जिला अस्पताल बलौदाबाजार में नए जनरल एवं लेप्रोस्कॉपिक सर्जन डॉ. कादिर बेग की पदस्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अस्पताल में अब हर्निया, हाइड्रोसिल, बवासीर, फिमोसिस, सेलुलाइटिस, ब्रेस्ट एब्सेस, फाइब्रोएडेनोमा, लिम्फोमा एवं सिबेशियस सिस्ट जैसी गंभीर बीमारियों का सफलतापूर्वक उपचार किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि इन ऑपरेशनों को निःशुल्क किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। भर्ती मरीजों को अस्पताल में नाश्ता एवं भोजन की सुविधा भी दी जा रही है।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार वर्मा के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रखा जाता है और स्वास्थ्य में सुधार होने पर छुट्टी दे दी जाती है। सर्जन की पदस्थापना के बाद अब तक 16 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जिससे मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम हुई है।

भाटापारा निवासी 45 वर्षीय अनिता, जिनका सेलुलाइटिस का ऑपरेशन जिला अस्पताल में हुआ, उनके परिजनों ने बताया कि उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निशुल्क ऑपरेशन हुआ। एक सप्ताह भर्ती रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और अब उनकी स्थिति पूरी तरह संतोषजनक है।

ऑपरेशन थिएटर में डॉ. कादिर बेग के साथ दीपशिखा अली, कमलेश, दीपक, शाहरुख, अंकित, सरस्वती एवं अनामिका की टीम सहयोग कर रही है। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जन की उपलब्धता से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिल रही है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment