बलौदाबाजार। 5 फरवरी 2026/ ग्राम देवरी निवासी रानी करुणा गायकवाड के लिए महतारी वंदन योजना आर्थिक संबल का एक मजबूत माध्यम बनकर सामने आई है। हर माह एक हजार रुपये की नियमित सहायता से उनकी दैनिक जरूरतें सहज रूप से पूरी हो रही हैं और गृहस्थी पहले से बेहतर ढंग से संचालित हो रही है।
रानी करुणा के पति शैलेश गायकवाड एक निजी प्लांट में कार्यरत हैं, किंतु परिवार की सीमित आय के कारण घर-खर्च चलाना और दो छोटे बच्चों की परवरिश करना चुनौतीपूर्ण था। उनकी बड़ी बेटी वर्तमान में केजी-2 में अध्ययनरत है, जबकि छोटा बेटा मात्र 18 महीने का है। ऐसे में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रारंभ की गई महतारी वंदन योजना ने उनके परिवार को नई दिशा और राहत प्रदान की है।
हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की महिलाओं के बैंक खातों में योजना की 24वीं किश्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि सफलतापूर्वक अंतरित की गई। रानी करुणा गायकवाड को भी इस योजना का नियमित लाभ मिल रहा है और वे अब तक कुल 24 हजार रुपये की राशि प्राप्त कर चुकी हैं।
प्राप्त राशि का उपयोग रानी करुणा बड़ी समझदारी से कर रही हैं। वे एक हिस्सा रोजमर्रा की घरेलू आवश्यकताओं और बच्चों की जरूरतों पर खर्च करती हैं, वहीं शेष राशि भविष्य की आकस्मिक जरूरतों के लिए बचत के रूप में सुरक्षित रखती हैं।
रानी करुणा ने योजना के प्रति अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि हर महीने समय पर मिलने वाली यह सहायता उनके जैसे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी और सशक्त बनाने के इस दूरदर्शी प्रयास के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया। उनका मानना है कि यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहयोग दे रही है, बल्कि समाज में उनके आत्मविश्वास और सम्मान को भी सशक्त बना रही है।