प्रत्येक उपार्जन केन्द्र का भौतिक सत्यापन संवेदनशीलतापूर्वक कराएं – कलेक्टर समय पर धान उठाव पूर्ण करने ट्रकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश

SARJU PRASAD SAHU

February 3, 2026

बलौदाबाजार । 3 फरवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के उपरांत उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए प्रत्येक उपार्जन केन्द्र का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही मिलरों द्वारा धान उठाव में तेजी लाने के लिए कड़ी मॉनिटरिंग करने को कहा।

 

कलेक्टर श्री सोनी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक उपार्जन केन्द्र का अंतिम एवं विस्तृत भौतिक सत्यापन नोडल अधिकारी द्वारा अगले शनिवार तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि शासन को रिपोर्ट समय पर प्रेषित की जा सके। उन्होंने कहा कि स्टॉक पंजी, कंप्यूटर सिस्टम में धान खरीदी की प्रविष्टि सहित सभी अभिलेखों का भौतिक मिलान सुनिश्चित किया जाए। भौतिक सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष केवल 15 प्रतिशत धान ही उपार्जन केन्द्रों से संग्रहण केन्द्रों को भेजा जाना है। उन्होंने मिलरों द्वारा धान उठाव में तेजी लाने, परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा ट्रकों की संख्या बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में चल रहे दवा सेवन अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन एवं सुपरवाइजरों को समुचित प्रशिक्षण देने तथा 10 से 12 फरवरी तक बूथों में दवा वितरण की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने एसआईआर के अंतर्गत नो-मैपिंग, लॉजिकल रीजनिंग एवं विभिन्न प्रकार के दावा-आपत्तियों की सुनवाई कर 12 फरवरी तक अंतिम आदेश पारित करने हेतु सभी एईआरओ को निर्देशित किया। साथ ही गिरौदपुरी मेला की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 1 से 5 वर्ष तक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। इसके अलावा अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे प्रकरणों का तेजी से निपटारा करने तथा नियमित रूप से न्यायालय संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री सचिवालय, सीपी ग्राम्स, कलेक्टर जनदर्शन एवं समय-सीमा से संबंधित आवेदनों के निराकरण में भी तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुश्री दीप्ति गौते, अवध राम टंडन, अभिषेक गुप्ता, निशा नेताम मड़ावी सहित एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment