बलौदाबाजार। 1 फरवरी 2026 छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीजी टेट) में जिले के 6520 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस परीक्षा में 500 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर अरुण सोनकर ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पाली में 9 और दूसरी पाली में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

प्राथमिक शिक्षक के पद के लिए आयोजित पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली। इसमें 2708 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2484 उपस्थित रहे, जबकि 224 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
मिडिल स्कूल शिक्षक के पद के लिए दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5:45 बजे तक आयोजित हुई। इस पाली में 4312 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4036 ने परीक्षा दी, जबकि 276 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर उचित सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी गई।