समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ द्वारा आगामी 3 मई को प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन रायपुर में

SARJU PRASAD SAHU

February 1, 2026

रायपुर। उत्कृष्ट ब्राह्मण सामाजिक संगठन समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ द्वारा आगामी 3 मई 2026 को प्रदेश स्तरीय सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन राजधानी रायपुर में किया जाएगा। यह आयोजन पुरानी बस्ती स्थित श्री महामाया देवी मंदिर के सत्संग भवन में संपन्न होगा। कार्यक्रम के लिए पंजीयन प्रक्रिया 21 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी।

यह जानकारी संगठन की नवीन निर्वाचित कार्यकारिणी की बैठक के पश्चात साझा की गई। बैठक आज श्री महामाया देवी मंदिर परिसर, पुरानी बस्ती में संपन्न हुई। बैठक की जानकारी देते हुए संगठन के प्रदेश सचिव पं. सजल तिवारी ने बताया कि शासन द्वारा पंजीकृत संस्थाओं में नियमानुसार प्रत्येक तीन वर्ष में पदाधिकारियों का निर्वाचन किया जाता है। इसी क्रम में समग्र ब्राह्मण परिषद् छत्तीसगढ़ की वर्ष 2026 से 2029 की अवधि के लिए प्रबंध कार्यकारिणी का निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती प्रमिला तिवारी ने कहा कि संगठन आगामी समय में व्यापक संपर्क अभियान चलाएगा। इसके अंतर्गत संपूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में सम-मानसिकता के स्वजनों के घर-घर पहुँचकर उन्हें संगठन के उद्देश्यों से अवगत कराया जाएगा तथा सदस्यता अभियान को गति दी जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी सहयोगियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

संगठन के संयुक्त सचिव पं. विवेक दुबे एवं पं. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सामूहिक उपनयन संस्कार का आयोजन किया जा रहा है, जो पहले फरवरी माह में होता था, किंतु इस बार 3 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर श्रीमती कालिंदी उपाध्याय, श्रीमती स्वाति मिश्रा, श्रीमती अमिता तिवारी, श्रीमती संध्या उपाध्याय, श्रीमती खुशबू शर्मा, श्रीमती कीर्तिका तिवारी, पं. विवेक कुमार तिवारी, पं. उमाकांत तिवारी, पं. चक्रेश तिवारी, पं. अभयंकर शुक्ला एवं डॉ. भावेश शुक्ला ‘पराशर’ सहित संगठन के जिला एवं प्रदेश स्तर के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment