महासमुंद-बसना। प्रदेश में धान खरीदी को अचानक बंद किए जाने को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले ने किसानों को गंभीर संकट में डाल दिया है और यह स्पष्ट रूप से किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश के कई किसान अब तक अपना पूरा धान नहीं बेच पाए हैं। ऐसे में सरकार द्वारा धान खरीदी बंद कर देना किसानों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार धान नहीं खरीदेगी, तो किसान अपने उत्पाद को समर्थन मूल्य पर आखिर किसे और कैसे बेचेंगे?
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जनवरी माह पूरा होने से पहले ही 30 जनवरी को धान खरीदी बंद कर दी, जबकि जनवरी में 31 दिन होते हैं। यह फैसला दर्शाता है कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है और बिना जमीनी हकीकत समझे निर्णय ले रही है।
प्रधान ने आगे कहा कि सरकार की लापरवाही और असंवेदनशीलता के चलते किसान आज मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहे हैं। धान खरीदी बंद होने से न केवल किसानों की आमदनी प्रभावित होगी, बल्कि उन पर कर्ज का बोझ भी बढ़ेगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही धान खरीदी की अवधि नहीं बढ़ाई और किसानों को राहत नहीं दी, तो कांग्रेस किसानों के हित में सड़क से सदन तक संघर्ष करने के लिए मजबूर होगी।
मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार से मांग की कि किसानों की स्थिति को समझते हुए तुरंत धान खरीदी पुनः शुरू की जाए, ताकि अन्नदाताओं को राहत मिल सके।